G-INews, Kanpur: उद्योग, कंपनी फर्म या किसी दुकान से खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं या फिर उनके खिलाफ कोई शिकायत है तो उसका समाधान जल्द किया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन को अत्याधुनिक करते हुए उसमें एआई (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) सक्षम डैशबोर्ड से जोड़ दिया है। यह डैशबोर्ड शिकायतों का जल्द निस्तारण करने के लिए उसे अलग-अलग श्रेणी में बांटने के साथ संबंधित जिम्मेदारों को देगा। वहीं, गैर भागीदार कंपनियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए अलर्ट करेगा, जिससे उपभोक्ताओं को न्याय मिल सके। यह एआई सक्षम डैशबोर्ड आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिकों ने तैयार किया है।
केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन को सुदृढ़ करने के लिए आईआईटी कानपुर की ओर से विकसित एआई सक्षम डैशबोर्ड का शुभारंभ किया। आईआईटी के वैज्ञानिकों ने बताया कि यह डैशबोर्ड शिकायतों को स्वचालित (ऑटोमेटिक) वर्गीकरण करता है। जिससे क्षेत्रवार और एक समान शिकायतों का विश्लेषण करने में मदद मिलती है। जिससे शिकायतों का निस्तारण जल्द होता है। वहीं, एआई की मदद से फर्जी शिकायतों को चिह्नित करना आसान होता है। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण को उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराता है, जिससे शिकायत निस्तारित करने के साथ गड़बड़ी कंपनियों के बारे में विस्तृत जानकारी मिलती है। साथ ही, यह डैशबोर्ड एआई की मदद से त्वरित विश्लेषण, डेटा आधारित निर्णय लेने और मजबूत उपभोक्ता केंद्रित संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।






